हिन्दी सिनेमा के महानायक अमिताभ बच्चन इस उम्र में भी खुद को नये रूप में पेश करने के लिए जिस तरह कड़ी मेहनत करते हैं,
07 Jan, 2016 10:12 AMमुंबई: हिन्दी सिनेमा के महानायक अमिताभ बच्चन इस उम्र में भी खुद को नये रूप में पेश करने के लिए जिस तरह कड़ी मेहनत करते हैं, उससे अभिनेता फरहान अख्तर को हैरानी होती है। दोनों कलाकार विधु विनोद चोपड़ा की नई फिल्म ‘वजीर’ में साथ काम कर रहे हैं। फरहान ने कहा, ‘‘वह (अमिताभ बच्चन) खुद को नए रूप में पेश करने के लिए कड़ी मेहनत करते हैं।
एेसा करना आसान नहीं है... यह खासकर हर पीढ़ी के साथ एक थकाउ प्रक्रिया है। एेसी उर्जा और उत्साह देखना रोमांचक है। हर किसी का करियर उनके जितना लंबा नहीं है। वह मेरे लिए प्रेरणा हैं और मैं उस पहलू पर ध्यान देता हूं।’’ ‘दिल चाहता है’ फिल्म के निर्देशक को अमिताभ के काम करने की शैली बहुत प्रभावशाली लगती है।
उन्होंने कहा, ‘‘वह 45 साल से यहां (फिल्म जगत में) हैं या इतने लंबे समय से फिल्में कर रहे हैं और अब भी उत्साहित रहते हैं। वह अच्छे काम के लिए अब भी भूखे हैं। वह सेट पर नए निर्देशकों के साथ काम करते हुए बहुत उत्साहित होते हैं। मेरे लिए यह चीज बहुत प्रभावशाली है।’’ फरहान ने कहा, ‘‘मैं उनका प्रशंसक रहा हूं। मैं उनके काम को देखकर बड़ा हुआ हूं। उनके साथ इतने करीब से काम करना सपने जैसा है। यह बहुत मजेदार है और एक रोमांचक अनुभव है।’’ ‘वजीर’ आठ जनवरी को रिलीज हो रही है।