मुंबई: बाॅलीवुड एक्टर सलमान खान के जीजा आयुष शर्मा और वरीना हुसैन की फिल्म 'लवयात्री' आज रिलीज हो गई है। फिल्म में राम कपूर और रोनित रॉय की भी अहम भूमिका है।

फिल्म की कहानी
फिल्म की कहानी गुजरात में बेस्ड है।जहां सुश्रुत (आयुष शर्मा) एक गरबा टीचर है। सुश्रुत नवरात्रि से पहले लोगों को गरबा सिखाते हैं। इसी बीच लंदन से एनआरआई मिशेल (वरीना हुसैन) की एंट्री होती है। वहीं सुश्रुत को मिशेल से प्यार हो जाता है। थोड़े समय बाद मिशेल लंदन वापस लौट जाती है और फिर मिशेल की तलाश में सुश्रुत लंदन तक पहुंचता है।

फिल्म की कमजोर कड़ी
फिल्म की लिखावट काफी कमजोर है। 'लवयात्रि' केवल एक साधारण सी लव स्टोरी है। इससे ज्यादा फिल्म में कुछ भी नहीं है। डायरेक्टर अभिराज मीनावाला की यह पहली फिल्म है और उन्होंने बॉलिवुड के पुराने मसालों पर सेफ गेम खेलने की कोशिश की है। हालांकि फिल्म का स्क्रीनप्ले बहुत ज्यादा अच्छा नहीं लिखा गया है। फिल्म के कैरक्टर्स आपको पसंद आएंगे लेकिन कहानी आपको इतनी आकर्षक नहीं लगेगी। फिल्म के गाने खूबसूरती से फिल्माए गए हैं। वैभवी मर्चेंट की कोरियॉग्रफी भी अच्छी है।

कलाकारों का अभिनय
यह कहना सही होगा कि अपनी पहली फिल्म कर रहे आयुष और वरीना अभी ऐक्टिंग में कच्चे हैं। हालांकि स्क्रीन पर उनकी केमिस्ट्री अच्छी लगती है। आयुष बिल्कुल युवा लड़के के रूप में ठीक लगते हैं। सुसु के अंकल के रूप में राम कपूर ने और मिशेल के पिता के रूप में रोनित रॉय ने बेहतरीन काम किया है और उन्होंने इमोशनल और भारी-भरकम डायलॉग बोले हैं। 'लवरात्रि' उन लोगों के लिए अच्छी फिल्म है जो 90 के दशक की रोमांटिक फिल्मों के शौकीन हैं।

बॉक्स ऑफिस
फिल्म का बजट लगभग 20 करोड़ बताया जा रहा है। इसे सलमान खान के प्रोडक्शन ने बनाया है। फिल्म जिस तरह से बनी है उसे देखकर लगता है वीकेंड के बाद बॉक्स ऑफिस पर इसकी यात्रा काफी कमजोर हो सकती है।