main page

मशहूर सिंगर केके का कोलकाता में कॉन्सर्ट के दौरान निधन, 53 साल की उम्र में ली अंतिम सांस

Updated 01 June, 2022 07:09:32 AM

बॉलीवुड के मशहूर सिंगर कृष्णकुमार कुन्नथ (केके) का मंगलवार को निधन हो गया। वह कोलकाता में एक लाइव शो में परफॉर्म कर रहे थे कि तभी उनकी तबीयत बिगड़ने लगी। शो के बाद उन्हें एक निजी अस्पताल में ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने...

कोलकाताः बॉलीवुड के मशहूर सिंगर कृष्णकुमार कुन्नथ (केके) का मंगलवार को निधन हो गया। वह कोलकाता में एक लाइव शो में परफॉर्म कर रहे थे कि तभी उनकी तबीयत बिगड़ने लगी। शो के बाद उन्हें एक निजी अस्पताल में ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। केके मंगलवार को कोलकाता के विवेकानंद कॉलेज के एक कार्यक्रम में शामिल हुए थे। 

डॉक्टरों के मुताबिक, दिल का दौरा पड़ने से हुई केके की मौत
शो में वह हमेशा की तरह शानदार तरीके से परफॉर्म कर रहे थे, लेकिन इसी बीच उनकी तबीयत अचानक बिगड़ने लगी। उन्हें आनन-फानन में कलकत्ता मेडिकल रिसर्च इंस्टीट्यूट (सीएमआरआई) में लाया गया, जहां चिकित्सकों ने करीब 9:30 बजे उन्हें मृत घोषित कर दिया। डॉक्टरों के मुताबिक, केके को दिल का दौरा पड़ा था। उन्होंने शव को पोस्टमाटर्म के लिए भेज दिए जाने की भी जानकारी दी। वह महज 53 साल के थे। 

सिर्फ हिंदी में ही 200 से अधिक गाने गाए
केके का जन्म 23 अगस्त, 1970 में केरल के त्रिशूर में हुआ था। अपने सिंगिंग करियर में केके ने सिर्फ हिंदी में ही 200 से अधिक गाने गाए हैं। इसके अलावा, उन्होंने तमिल, तेलुगू, मलयालम, कन्नड़, मराठी, बंगाली और गुजराती में भी कई गीत गाए हैं। इतना ही नहीं, उन्होंने कई विज्ञापनों के जिंगल को भी अपनी आवाज दी हैं। केके अपनी सुरीली आवाज और रोमांटिक अंदाज के लिए जाने जाते थे।

90 के दशक में‘यारो'गाने से उन्होंने अपनी एक अलग पहचान बनाई थी। अपने करियर में उन्होंने कई बेहतरीन गानों को अपनी आवाज दी, जिनमें तड़प-तड़प (हम दिल दे चुके सनम), कोई कहे कहता रहे (दिल चाहता है), ओ हमदम सुनियो रे (साथिया), ओ जाना (तेरे नाम), चले जैसे हवाएं (मैं हूं ना), आशाएं (इकबाल) जैसे कई शामिल हैं।

Bollywood Tadka
पीएम मोदी ने सिंगर केके के निधन पर जताया दुख 
उनके निधन पर देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी शोक जताया है। मोदी ने ट्वीट करते हुए लिखा है,‘‘केके के नाम से मशहूर गायक कृष्णकुमार कुन्नथ के असामयिक निधन से दुखी हूं। उनके गीतों में हर तरह के भावनाओं की झलक मिली है, जो हर आयु वर्ग के लोगों के साथ जुड़ा हुआ है। हम उन्हें उनके गानों के जरिए हमेशा याद रखेंगे। उनके परिवार और प्रशंसकों के प्रति संवेदना। ओम शांति।‘‘ प्रधानमंत्री के अलावा उनके संगीत व फिल्म जगत के कई हस्तियों ने भी उनके निधन पर अपना दुख प्रकट किया है।
Bollywood Tadka
गायक अरमान मलिक ने लिखा है,‘‘बेहद दुखद। हम सभी को हुआ एक और नुकसान। यकीन नहीं आता है कि केके सर अब इस दुनिया में नहीं रहे। ये हो क्या रहा है, अब सहन नहीं हो रहा।‘‘ 
Bollywood Tadka
गायक राहुल वैद्य ने ट्वीट किया है,‘‘सिंगर केके ने कभी सिगरेट या शराब नहीं पी। मीडिया और विवादों से दूर रहकर उन्होंने सादगी से अपना जीवन बिताया। वह पूरी तरह से एक फैमिली मैन थे। जब भी मुझे मिले हैं, हमेशा प्यार और विनम्रता से पेश आए हैं। हे ईश्वर, यह नाइंसाफी है। ओम शांति।‘' 
Bollywood Tadka
बॉलीवुड अभिनेता अक्षय कुमार ने लिखा है,‘‘केके के निधन के बारे में सुनकर बेहद दुखी और हैरान हूं। बहुत बड़ी क्षति है। ओम शांति।‘‘ विशान ददलानी लिखते हैं,‘‘आंसू नहीं रूक रहे हैं। क्या इंसान थे, क्या आवाज थी, क्या दिल था, बेहतरीन शख्स। केके हमेशा के लिए।‘‘ 
Bollywood Tadka
देश के पूर्व क्रिकेटर वीरेंद्र सहवाग ने भी केके के निधन पर दुख प्रकट किया है। उन्होंने ट्ववीट कर कहा, कोलकाता में प्रदर्शन के दौरान बीमार पड़ने के बाद केके के निधन के बारे में सुनकर दुख हुआ। जीवन कितना नाजुक है इसका एक और अनुस्मारक। उसके परिवार तथा मित्रों के लिए संवेदनाएं। शांति।  
Bollywood Tadka
केके का निधन भारतीय संगीत के लिए एक बहुत बड़ी क्षति- केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह
गृहमंत्री अमित शाह ने कहा, केके बहुत ही प्रतिभाशाली और बहुमुखी गायक थे। उनका असामयिक निधन बहुत ही दुखद और भारतीय संगीत के लिए एक बहुत बड़ी क्षति है। अपनी प्रतिभाशाली आवाज से उन्होंने अनगिनत संगीत प्रेमियों के मन पर एक अमिट छाप छोड़ी है। उनके परिवार और प्रशंसकों के प्रति मेरी गहरी संवेदना है। शांति शांति


 

Content Writer: Pardeep

singer KKDeathconcertheart attackbollywood singer

loading...