रियालिटी शो द कपिल शर्मा शो के जज नवजोत सिद्धू के शो में जज बने रहने को लेकर विवाद हो रहा है।
27 Mar, 2017 11:23 AMनई दिल्ली: रियालिटी शो द कपिल शर्मा शो के जज नवजोत सिद्धू के शो में जज बने रहने को लेकर विवाद हो रहा है। खबरें थीं कि सिद्धू ने शो छोड़ने का प्लान बनाया है लेकिन उन्होंने इन खबरों को सिरे से नकार दिया है और कहा है कि शो की वजह से ही उनका घर चलता है। अब ऐसे में एक सवाल उठ रहा है, जो लाजमी भी है कि आखिर शो से सिद्धू की कितनी कमाई होती है? हालांकि ये जानकारी सिद्धू ने कभी सार्वजनिक नहीं की है।
सूत्रों के मुताबिक नवजोत सिंह सिद्धू के पास 45.91 करोड़ रु. की संपत्ति है। उनके पास 44 लाख रुपए की घड़ियां, 30 करोड़ रुपए कीमत की संपत्ति, दो लैंड क्रूजर, एक मिनी कूपर कार और 15 लाख रुपए के गहने और अंगूठियां हैं। यही नहीं उन्होंने इस जानकारी में बताया कि 2015-16 में उनकी सालाना आय 9 करोड़ 66 लाख रु. थी।
सिद्धू को एक सांसद के तौर पर हर महीने 1 लाख 4 हजार रु. का वेतन मिलता था। उनके सभी कर्मचारियों की सैलरी भी सरकार ही देती थी। सांसदों के सभी यात्रा और फोन खर्च भी सरकार ही उठाती है। साथ ही लग्जरी कार, ड्राइवर और कार के लिए पेट्रोल भी सरकारी है। यहां तक कि सांसदों की सुरक्षा का खर्च भी सरकार ही उठाती है। ऐसे में बीते साल में सरकारी स्रोतों से नवजोत की आय प्रतिवर्ष लगभग 12 लाख रुपए बैठती है।